Search
Close this search box.

नहर किनारे मिला प्रतियोगी छात्र का शव, सिर में गोली लगने से हत्या की आशंका

गाजीपुर। जनपद के शादियाबाद थाना क्षेत्र के करीमुल्लापुर गांव के पास गुरुवार को नहर किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित यादव (25) पुत्र राजेंद्र यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके सिर में गोली लगने के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि रोहित मूल रूप से मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था और काफी समय से अपने ननिहाल मर्दापुर (मर्दा) में परिवार के साथ रह रहा था। वह वाराणसी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिवार में उसके बड़े भाई राहुल यादव और बड़ी बहन सरिता हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही शादियाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की सहायता से मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार व्यक्तिगत रंजिश, आपसी विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

रिपोर्टिंग उमेश यादव गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें