सेवापुरी । चन्द्रावती एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित मानसिक मंदित आश्रय गृह सह-प्रशिक्षण केन्द्र एवं चन्द्रावती एजुकेशनल विशेष विद्यालय, पाठ्य सामग्री विकास एवं पुस्तकालय का चौथा वार्षिकोत्सव समारोह गुरुवार को गोराई में धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी वाराणसी रामप्रकाश सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि रामप्रकाश सिंह ने विशेष विद्यालय के सभी दिव्यांगजन बच्चों को स्कूल ड्रेस वितरित की। नई ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह में विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने जमकर सराहना की।

वक्ताओं ने कहा कि ऐसे संस्थान दिव्यांगजनों को शिक्षा, प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मानसिक मंदित बच्चों के सर्वांगीण विकास और समाज में उनके सम्मानजनक समावेश पर जोर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर अरविंद सिंह ने अतिथियों एवं सहयोगियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, ट्रस्ट पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।









