Search
Close this search box.

19 साल बाद भी अधूरा अस्पताल, संचालन की मांग को लेकर किसान नेता ने उठाई आवाज

लखनऊ। /आजमगढ़ निजामाबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन सौ शैय्या युक्त अस्पताल को जल्द संचालित करने की मांग को लेकर सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव राजीव यादव ने आवाज बुलंद की है। उन्होंने मिर्जापुर ब्लाक स्थित अस्पताल का निरीक्षण कर कहा कि इसके शुरू होने से क्षेत्र की जनता को इलाज के लिए करीब 25 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

सम्पर्क संवाद कार्यक्रम के दौरान राजीव यादव ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से अस्पताल संचालन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में बसपा सरकार के कार्यकाल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकहुला को मंजूरी मिली थी, लेकिन लगभग 19 साल बीतने के बाद भी यह परियोजना पूरी तरह धरातल पर नहीं आ सकी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। जर्जर सड़कों और अस्पताल की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

किसान नेता ने सरकार से मांग की कि निर्माणाधीन अस्पताल का कार्य शीघ्र पूरा कराकर तत्काल संचालन शुरू कराया जाए। साथ ही उन्होंने भदुली, निजामाबाद, मिर्जापुर, लाहीडीह, कौड़िया, मुंडियार होते हुए माहुल-बेलवाई मार्ग के निर्माण की मांग भी दोहराई।

Leave a Comment

और पढ़ें