Search
Close this search box.

बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी, समस्याओं के समाधान की मांग

लखनऊ । उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ ने बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। संगठन के प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को शक्ति भवन लखनऊ में प्रदर्शन के बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर इको गार्डन आलमबाग समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आंदोलन जारी है।

संगठन पदाधिकारियों का आरोप है कि पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने अपने ही आदेशों का पालन नहीं करते हुए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात करीब 45 प्रतिशत अनुभवी आउटसोर्स कर्मचारियों को कार्य से हटा दिया है। इससे विद्युत उपकेंद्रों पर कर्मचारियों की कमी हो गई है, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं को मिलने वाली सेवाओं पर पड़ रहा है।

पदाधिकारियों ने बताया कि 23 मई 2025 को विद्युत उपकेंद्रों के परिचालन एवं अनुरक्षण कार्य के लिए कर्मचारियों की संख्या निर्धारित करने हेतु समिति गठित की गई थी, लेकिन 14 माह से अधिक समय बीतने के बाद भी समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और हटाए गए कर्मचारियों की बहाली नहीं हुई। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें