Search
Close this search box.

पत्नी को पीटने और धमकाने वाला आरोपी अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

वाराणसी। जनपद के चेतगंज थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास सेठ उर्फ विक्की (42) निवासी रेशम कटरा, थाना चौक, हाल पता चंद्रा टावर, नाटी इमली है।

पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई को आरोपी की पत्नी ने डायल-112 और चेतगंज पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी के पास अवैध हथियार मौजूद है।

सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंची और नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिला की निशानदेही पर आरोपी के घर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के बिस्तर से .32 बोर की अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चेतगंज थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें