Search
Close this search box.

संडीला में पुलिस मुठभेड़: पांच शातिर चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; 5.45 लाख नकद व हथियार बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female]

संडीला थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख 45 हजार रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

सीओ संडीला संतोष सिंह के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कस्बा संडीला के चक्कर रोड स्थित काशीराम कॉलोनी में कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संडीला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लल्लू पुत्र पुत्तू निवासी बागरिया थाना संडीला के पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने मौके से जमील, सुनील, विद्यासागर और अनूप को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उपनिरीक्षक करुणेश पाठक भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दिन में गांवों की रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने अतरौली, संडीला और कासिमपुर थाना क्षेत्रों में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात भी कबूल की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य अभियुक्त सुनील और लल्लू के खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक घटनाओं की भी जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- ओमजीत यादव

Leave a Comment

और पढ़ें