सोनभद्र । सदर तहसील रॉबर्ट्सगंज में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और मनमानी कार्यशैली के विरोध में शनिवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर के सामने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज को सौंपा।
पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने आरोप लगाया कि तहसील में कई वादों का निस्तारण संबंधित पक्षों और अधिवक्ताओं को समुचित अवसर दिए बिना किया जा रहा है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। उन्होंने नायब तहसीलदार विजयगढ़ पर वादों का मनमाने ढंग से त्वरित निस्तारण करने का आरोप लगाया। साथ ही कुछ मामलों में अवैध धनराशि लेकर प्रकरणों के निस्तारण के गंभीर आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता तथा वादकारियों के साथ असम्मानजनक व्यवहार और अनावश्यक विलंब की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इससे न्यायिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
बार एसोसिएशन ने प्रशासन से न्यायिक एवं राजस्व कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, सभी पक्षों को निष्पक्ष सुनवाई का अवसर देने तथा भ्रष्टाचार और मनमानी पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित और न्यायहित में व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में कामता प्रसाद यादव, राजेश यादव, पवन कुमार सिंह, सुरेश सिंह कुशवाहा, टीटू प्रसाद गुप्ता, आदर्श देव पांडेय, राजकुमार सिंह, संतोष कुमार यादव, शाहनवाज आलम खान, रविंद्र पटेल, राकेश सिंह पटेल, रोशन खान सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।








