बांदा । समाजवादी पार्टी की एक कार्यकारिणी बैठक के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब पार्टी की महिला सांसद कृष्णादेवी पटेल और विधायक विशंभर यादव के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बैठक में सांसद अपनी बात रख रही थीं और उन्होंने कहा कि “मैंने भैया से भी कहा है कि हमारे साथ जो हो रहा है, उसमें विधायक की भूमिका बताई जा रही है, जबकि कोई और जिम्मेदार नहीं है।
”इसी दौरान विधायक विशंभर यादव अपनी सीट से खड़े हो गए और उन्होंने उंगली दिखाते हुए कहा कि “तमीज से बात करिए।” इस टिप्पणी के बाद माहौल और अधिक गरमा गया और दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बैठक में मौजूद अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
सूत्रों के अनुसार, सांसद और विधायक के बीच पिछले काफी समय से मतभेद चल रहे हैं, और यह विवाद उसी तनाव का परिणाम माना जा रहा है। पार्टी के भीतर इस तरह के सार्वजनिक टकराव को लेकर कार्यकर्ताओं में भी चर्चा तेज हो गई है।
हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी के भीतर असंतोष और अंदरूनी विवाद की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे संगठनात्मक एकता पर सवाल उठ रहे हैं।








