वाराणसी । में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आम जनता को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक करना है। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजीव शुक्ला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लोगों को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को लोक अदालत के लाभ, आपसी सुलह और वादों के शीघ्र निस्तारण के प्रति जागरूक करेंगे, जिससे अधिक से अधिक मामलों का समाधान हो सके।
इस अवसर पर मोटर दावा एवं दुर्घटना अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी अजीत कुमार तथा Union Bank of India के अग्रणी जिला प्रबंधक अविनाश अग्रवाल सहित जनपद वाराणसी के समस्त न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक विभागों के कर्मचारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय ने की।






