सोनभद्र। जनपद में प्रस्तावित स्वगणना अभियान को सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एनटीपीसी रिहन्द, एनसीएल ककरी, अल्ट्राटेक, हिण्डालको एवं ग्रासिम इंडस्ट्रीज सहित जनपद में संचालित अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी औद्योगिक इकाइयों के आवासीय परिसरों में निवासरत परिवारों के मुखिया अपने-अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से स्वगणना प्रक्रिया को स्वयं पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि स्वगणना अभियान 7 मई से प्रारंभ होकर 21 मई तक संचालित किया जाएगा, जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त डिग्री कॉलेजों एवं इंटरमीडिएट शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को स्वगणना की विधि का प्रशिक्षण एवं आवश्यक जानकारी प्रदान की जाए, ताकि वे अपने परिवार, मोहल्ले एवं गांव के लोगों को इस प्रक्रिया में सहयोग कर सकें। इसके अतिरिक्त आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों, रोजगार सेवकों, पंचायत सहायकों एवं स्वयं सहायता समूह की सखियों को भी इस अभियान से जोड़ते हुए उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के डिग्री कॉलेजों, आईटीआई संस्थानों तथा राजकीय वित्तपोषित एवं वित्तविहीन विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया, प्रचार वाहन एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को स्वगणना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। यह न केवल सटीक आंकड़े उपलब्ध कराने में सहायक होगा, बल्कि भविष्य की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में भी उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) श्री वागीश कुमार शुक्ला, जनगणना अधिकारी सुश्री प्रियांशा सिंह, जनगणना सहायक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






