बलिया । 09 जून 2026 उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद बलिया में व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने मंगलवार को मुरली मनोहर टाउन पीजी कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों तथा ट्रेजरी स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी ड्यूटी कर्मियों को भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए समुचित ब्रीफिंग दी जा चुकी है।

एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा संबंधी आपराधिक गतिविधियों में पूर्व में संलिप्त रहे व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही परीक्षा दिवस पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









