जौनपुर । जनपद के केराकत थाना क्षेत्र में एक चर्चित हिस्ट्रीशीटर एवं कथित भू-माफिया के खिलाफ ग्रामीणों और पीड़ित परिवार का आक्रोश सामने आया है। गांव थानागद्दी निवासी रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर स्वर्गीय रामसेवक मिश्रा की पुत्रवधू, वैदिक फाउंडेशन काशी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेविका शारदा मिश्रा ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल अशोक शुक्ला लगातार उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहा है।
शारदा मिश्रा के अनुसार आरोपी ने उन्हें जान से मारने, मकान गिराने और पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी है। इस मामले में केराकत थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर अशोक शुक्ला और उसके भतीजे मुकेश शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनका आरोप है कि आरोपी क्षेत्र में भय का माहौल बनाकर लोगों की जमीनों पर अवैध कब्जे का प्रयास करता है और विरोध करने वालों को धमकाता है।
पीड़िता का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की दबंगई कम नहीं हुई है और परिवार लगातार मानसिक उत्पीड़न झेल रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी, डीआईजी, डीजीपी तथा मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया है कि गांव के नाले को पाटकर तथा कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि कब्जाने का प्रयास किया गया है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में कानून का राज स्थापित कर नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।






