वाराणसी । जनपद के बेनियाबाग चौराहे पर यातायात पुलिस और रिक्शा चालक के बीच हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पहले रिक्शा चालक ने आरोप लगाया था कि चौराहे के पास रिक्शा खड़ा करने के नाम पर एक यातायात सिपाही ने उससे 20 रुपये की मांग की थी। आरोप था कि पैसे देने से इनकार करने पर सिपाही ने रिक्शे का टायर पंचर कर दिया और उसके साथ मारपीट भी की। चालक ने यह आरोप मीडिया कर्मियों के सामने लगाए थे, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया था।
हालांकि अब रिक्शा चालक का नया बयान सामने आया है, जिसमें उसने अपने पुराने आरोपों से पलटते हुए कहा है कि न तो किसी पुलिसकर्मी ने उससे पैसे मांगे और न ही कोई धनराशि ली गई। चालक का दावा है कि वह कुछ लोगों के बहकावे में आकर पहले गलत बयान दे बैठा था। दो अलग-अलग बयानों के सामने आने के बाद मामले की सच्चाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं और लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।






