Search
Close this search box.

वाराणसी: टीबी उन्मूलन की मुहिम को मिलेगी नई गति, बड़ागांव में पंचायत सहायकों को किया गया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

वाराणसी। टीबी उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के अंतर्गत विकास खंड सभागार में पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक विकास अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में सुनील कुमार सिंह ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सतर्कता, जागरूकता और सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करें और संदिग्ध मरीजों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था की प्रतिनिधि करीना शाह एवं सत्येंद्र सिंह ने टीबी के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहना, बुखार आना, वजन का कम होना और रात में अत्यधिक पसीना आना टीबी के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर व्यक्ति को तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।

वक्ताओं ने बताया कि टीबी एक संक्रामक लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है। सरकारी अस्पतालों में टीबी की जांच और इलाज की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। समय पर इलाज न होने की स्थिति में यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है, इसलिए शुरुआती जांच बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर पंचायत सहायकों एवं ग्राम पंचायत सचिवों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टीबी के संभावित मरीजों की पहचान करें, उन्हें जांच के लिए प्रेरित करें और उपचार के दौरान निरंतर सहयोग दें। साथ ही गांवों में फैली भ्रांतियों को दूर करने, मरीजों को सामाजिक सहयोग देने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे टीबी उन्मूलन अभियान को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और टीबी मुक्त वाराणसी के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से न केवल टीबी नियंत्रण को मजबूती मिलेगी, बल्कि टीबी मुक्त वाराणसी की दिशा में ठोस कदम भी साबित होंगे।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था से करीना शाह, पल्लवी लुटे, सत्येंद्र सिंह सहित विकास खंड के सभी पंचायत सचिव और पंचायत सहायक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें