हरियाणा। विश्व बैंक ने हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट (HCAPSD) के लिए 305 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 2,700 करोड़ रुपये) की वित्तीय सहायता को मंज़ूरी दे दी है। यह परियोजना राज्य को वर्ष 2030 तक प्रदूषण-मुक्त बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है।
यह फंड राज्य में वायु प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छ तकनीकों को बढ़ावा देने, औद्योगिक उत्सर्जन में कमी लाने, परिवहन क्षेत्र में सुधार तथा पर्यावरण के अनुकूल नीतियों को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सरकार का कहना है कि इस प्रोजेक्ट से न सिर्फ पर्यावरण की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि जनस्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। यह हरियाणा में सतत विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।









