चन्दौली । साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक बड़े गिरोह के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सत्कार निधि लिमिटेड कंपनी की आड़ में लोगों को निवेश और अधिक वित्तीय लाभ का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, देश के विभिन्न राज्यों में इनके खिलाफ साइबर धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने अपनी तस्वीरों के साथ फर्जी आधार कार्ड भी तैयार करा रखे थे। मामले की जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक मिर्जा रिजवान बेग की सक्रिय भूमिका और लगातार प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम ने पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति, संस्था या निवेश योजना के झांसे में आकर धन निवेश न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें या शिकायत दर्ज कराने के लिए cybercrime.gov.in� का उपयोग करें।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।










