Search
Close this search box.

सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल पड़ाव में 20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कैंप का भव्य समापन

चन्दौली। पड़ाव सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस की पड़ाव शाखा में आयोजित 20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन स्विमिंग एवं वाद्य यंत्र प्रशिक्षण कैंप का उत्साहपूर्ण समापन समारोह संपन्न हुआ। कैंप में जिले भर से लगभग 150 बच्चों ने भाग लेकर खेल, संगीत और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कैंप के दौरान बच्चों को ओलंपिक स्तर की स्विमिंग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने फ्री स्टाइल स्विमिंग, स्टैमिना बिल्डिंग तथा अन्य तकनीकों का अभ्यास किया। समापन समारोह में बच्चों ने आकर्षक स्विमिंग प्रदर्शन कर अभिभावकों और अतिथियों की खूब सराहना बटोरी।

इसके साथ ही टॉरेंस ग्रुप के प्रशिक्षकों ने बच्चों को गिटार, कीबोर्ड और ड्रम जैसे वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण दिया। समापन अवसर पर बच्चों की संगीतमय प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कैंप में शूटिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और शतरंज जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिससे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा मिला।

विशेष रूप से 6 और 7 जून को अभिभावकों को भी कैंप में आमंत्रित किया गया, जहां उन्होंने बच्चों की गतिविधियों को करीब से देखा और उनके आत्मविश्वास से भरपूर प्रदर्शन की प्रशंसा की।

विद्यालय अध्यक्ष दीपक बजाज ने कहा कि ऐसे कैंप बच्चों के व्यक्तित्व विकास की प्रयोगशाला हैं, जबकि प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल और संगीत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, प्रशिक्षकों तथा गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।

Leave a Comment

और पढ़ें