वाराणसी । 1 जुलाई 2026 वाराणसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से सरयू-यमुना एक्सप्रेस से 20.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
आरपीएफ पोस्ट आजमगढ़ के प्रधान आरक्षी संजय कुमार और आरक्षी विश्वंभर सिंह 30 जून को ट्रेन संख्या 14649 अप सरयू-यमुना एक्सप्रेस में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर थे। मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन पर जनरल कोच में तीन लावारिस बैग पड़े मिले। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैगों पर अपना दावा नहीं किया।
संदेह होने पर आरपीएफ जवानों ने नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें तीनों बैगों से गांजा बरामद हुआ। इसके बाद बैगों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जीआरपी आजमगढ़ को सौंप दिया गया।
जीआरपी द्वारा वजन कराने पर कुल 20 किलोग्राम 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.46 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को मालखाने में जमा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।









