Search
Close this search box.

कबीरपुर में पुलिस-राजस्व टीम पर हमले के मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार, छीनी गई जरीब और मोबाइल बरामद

चन्दौली। जनपद के ग्राम कबीरपुर में भूमि सीमांकन के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पर हुए हमले के मामले में थाना मुगलसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सीमांकन कार्य में प्रयुक्त छीनी गई जरीब तथा महिला आरक्षी से छीना गया ओप्पो K-10 मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 27 जून को हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग और पुलिस टीम ग्राम कबीरपुर में भूमि की पैमाइश और सीमांकन कराने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस और राजस्व अधिकारियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाए, महिला आरक्षी के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इस घटना में तीन महिला आरक्षियों सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना के बाद थाना मुगलसराय में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें