चन्दौली। मुगलसराय थाना पुलिस ने मोबाइल छिनैती के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित आरोपी लकी जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से छिनैती के दौरान लूटा गया रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी को रेलवे कॉलोनी स्थित कुढ़ेखुर्द मोड़ के पास मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार 24 मार्च 2026 को डीआरडीओ की परीक्षा देकर लौट रहे एक युवक से राज होटल के पास बाइक सवार बदमाश ने मोबाइल छीन लिया था। वारदात के बाद आरोपी ने मोबाइल में उपलब्ध यूपीआई का दुरुपयोग करते हुए पीड़ित के बैंक खाते से 6202 रुपये अपने परिजनों के खाते में ट्रांसफर कर निकाल लिए थे।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए पूरी घटना का खुलासा किया। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लकी जायसवाल के खिलाफ चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम ने की। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।







