वाराणसी । सावन के पवित्र महीने में धार्मिक भावनाओं और जनआस्थाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने मीट-मछली की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर बुधवार को पशु विभाग और प्रवर्तन टीम ने रेवड़ी तालाब, शिवाला स्थित मछली मंडी, चौकाघाट, नदेसर, आंध्रा पुल, पितरकुंडा और लल्लापुरा सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में औचक जांच की।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर मांस-मछली बेचने वालों पर कार्रवाई करते हुए 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम ने मौके से 2 किलो 450 ग्राम मांस भी जब्त किया। अधिकारियों ने विक्रेताओं को चेतावनी दी कि सावन में दोबारा बिक्री करते पाए जाने पर संबंधित दुकान को तत्काल सील कर दिया जाएगा।

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख बाजारों में औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।







