वाराणसी। 14 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह और जीआरपी थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में जवान शामिल हुए।
जवानों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर स्टेशन परिसर में देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय सहित स्टेशन के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। इस दौरान यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की अनुभूति कराना है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।







