वाराणसी । जनपद में शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तकनीकी सहयोगी संस्थान द्वारा कराए गए एनक्यूएएस रिवैलिडेशन असेसमेंट में केंद्र को 83.87 प्रतिशत का समग्र स्कोर मिला है। इसके साथ ही सीएचसी शिवपुर को चिकित्सीय सेवाओं के लिए गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

रिवैलिडेशन मूल्यांकन के दौरान इमरजेंसी, ओपीडी, लेबर रूम, इन-पेशेंट विभाग, सहायक सेवाएं, सामान्य प्रशासन, ऑपरेशन थिएटर, प्रयोगशाला, रेडियोलॉजी और फार्मेसी सहित कुल 10 विभागों का मूल्यांकन किया गया। केंद्र ने सभी निर्धारित गुणवत्ता मानकों को पूरा किया। रोगी संतुष्टि के स्तर पर भी सीएचसी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 85 प्रतिशत स्कोर हासिल किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने इस उपलब्धि पर चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं सभी कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस प्रमाणन मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता, बेहतर प्रबंधन और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि सीएचसी शिवपुर की सफलता अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायी है। गुणवत्ता मानकों को निरंतर बनाए रखते हुए सुधार के चिन्हित क्षेत्रों पर कार्य किया जाएगा, ताकि जनपद में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।







