वाराणसी । जनपद के लालपुर पाण्डेयपुर थाना पुलिस ने तांत्रिक अनीश उपाध्याय की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अंधविश्वास और पारिवारिक समस्याओं के चलते हत्या की साजिश रची थी।
9 जुलाई को दर्ज हुई थी गुमशुदगी
पुलिस के मुताबिक 9 जुलाई 2026 को अनीश उपाध्याय की पत्नी ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 13 अगस्त को हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
किराए के मकान में वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि परिवार में गरीबी और बीमारी के कारण उन्होंने अनीश उपाध्याय से पूजा-पाठ कराया था। समस्या बढ़ने पर उन्होंने हत्या की योजना बनाई। इसके बाद साहिल पर साया होने का बहाना बनाकर अनीश को कंचनपुर, मंडुवाडीह स्थित किराए के मकान में बुलाया गया। वहां लकड़ी के स्टूल, गैस सिलेंडर और लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या करने की बात सामने आई।
खून के निशान मिटाने का प्रयास
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दीवार और फर्श से खून के निशान धोने तथा दुर्गंध छिपाने के लिए रूम फ्रेशनर और बॉडी स्प्रे का इस्तेमाल किया। हत्या के दौरान आवाज दबाने के लिए म्यूजिक सिस्टम चलाने की बात भी आरोपियों ने बताई।
छह आरोपी गिरफ्तार,सामान बरामद
पुलिस ने सोनू, विशाल, विकास कुमार गौड़, साहिल गौड़, अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लकड़ी का स्टूल, घरेलू गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।







