मिर्जापुर। नगर के द्वारिका सिनेमा के सामने रविवार को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने की। इस दौरान आगामी विधानसभा एवं पंचायत चुनावों की रणनीति, संगठन विस्तार तथा बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) की जनहितकारी नीतियों और विचारों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही गरीबों, किसानों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया गया।

कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को तेज करने, प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम गठित करने तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा, विकास केशरी, अनुज उमर, गोलू तिवारी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी चुनावों में प्रभावी प्रदर्शन सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्टिंग गौरव केशरी मिर्जापुर।







