Search
Close this search box.

विश्व पर्यावरण दिवस 2025: पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल का विशेष जागरूकता अभियान तीसरे चरण के साथ संपन्न

चन्दौली: पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में चल रहे विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान के तीसरे चरण (28 से 30 मई) को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। पूरा अभियान 22 मई से 5 जून तक “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें” थीम पर आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य रेलवे परिसरों को प्लास्टिक मुक्त बनाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और आम जनता को स्वच्छ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

तीसरे चरण के दौरान, स्टेशनों और ट्रेनों में एकल-उपयोग प्लास्टिक में कमी लाने के लिए गहन निगरानी की गई। स्टेशनों पर विक्रेता स्टॉलों का निरीक्षण किया गया और उन्हें प्लास्टिक की जगह वैकल्पिक पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया। यात्रियों को खुद अपनी बोतल लाने और उनको रिफिल पॉइंट्स पर भरने के लिए जागरूक किया गया, जिससे प्लास्टिक बोतल के उपयोग में कमी आए। प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यप्रणाली और रखरखाव की भी समीक्षा की गई ताकि इनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।

स्टेशनों पर जन संबोधन प्रणाली (PA System) के माध्यम से नियमित रूप से पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश प्रसारित किए गए। विभिन्न स्टेशनों पर संदेश एवं संवाद कार्यक्रमों के ज़रिए प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। यात्रियों से अपील की गई कि वे स्टेशन परिसरों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।

रेलवे द्वारा संचालित ट्रेनों में सेवा प्रदाताओं को पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। मंडल के कर्मचारियों को भी इस मुहिम में सक्रिय रूप से शामिल किया गया।

अगला चरण 31 मई से 2 जून तक आयोजित होगा, जिसमें सतत रेलवे संचालन पर विशेष फोकस रहेगा। इसमें प्रभात फेरी, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएं, बायो-टॉयलेट्स की निगरानी, स्टेशन पार्कों का रखरखाव, डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों की बिक्री जैसी गतिविधियाँ शामिल होंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें