Search
Close this search box.

राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र, बेघर परिवारों और वीर अब्दुल हमीद सेतु की लाइटों के मुद्दे पर जताई चिंता

गाजीपुर: राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने गाजीपुर जनपद के दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। सांसद ने अंधऊ हवाई पट्टी व सेना की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बेघर हुए असहाय और भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास और शहीद वीर अब्दुल हमीद सेतु की खराब स्ट्रीट लाइटों के सुधार की मांग की है।

बेघर हुए परिवारों के लिए आवास की मांग

सांसद ने अपने पत्र में बताया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर वर्षों से कई असहाय, निर्धन व भूमिहीन परिवार रह रहे थे, जो अब बेघर हो चुके हैं। उनके पास न कोई जमीन है और न ही रहने की व्यवस्था, जिसके चलते वे खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर हैं।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि ऐसे जरूरतमंद और बेघर परिवारों को आवास योजना या जमीन का पट्टा प्रदान कर उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।

वीर अब्दुल हमीद सेतु की खराब स्ट्रीट लाइटें

डॉ. बलवंत ने वीरता के प्रतीक शहीद वीर अब्दुल हमीद सेतु पर स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर खराब लाइटों को जल्द बदला जाए, जिससे रात्रिकालीन यात्रियों को सुविधा मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम किया जा सके।

सांसद का आग्रह

डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि दोनों ही विषय आम जनहित से जुड़े हैं, एक ओर आवश्यक मानवीय संवेदनाएं, तो दूसरी ओर सार्वजनिक सुरक्षा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन इन दोनों मुद्दों पर शीघ्र, प्रभावी और संवेदनशील कदम उठाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें