Search
Close this search box.

मीरजापुर: महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन, नवजात बच्चियों के जन्मदिन पर केक काटा गया

मीरजापुर: जिला महिला अस्पताल मीरजापुर में शुक्रवार को एक भावनात्मक और प्रेरणादायक आयोजन के तहत “कन्या जन्मोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की माननीय सदस्य श्रीमती नीलम प्रभात ने की।

कार्यक्रम के दौरान नवजात बच्चियों के हाथों से केक कटवाकर उनका जन्म उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर बच्चियों को बेबी नेट बेड और बेबी किट उपहार स्वरूप भेंट किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की सोच को बढ़ावा देना था।

अस्पताल का निरीक्षण और दिशा-निर्देश

मा0 सदस्य श्रीमती नीलम प्रभात ने महिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए उपस्थित चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की।

योजनाओं की जानकारी और जागरूकता

इस मौके पर महिला सशक्तिकरण हब की टीम ने नवजात कन्याओं के अभिभावकों को “कन्या सुमंगला योजना” के आवेदन की प्रक्रिया समझाई और तत्काल आवेदन भी कराए। जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी ने माता-पिता को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, और अन्य महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी तथा उनके पंपलेट भी वितरित किए गए।

बेटियों के नाम पर वृक्षारोपण

समारोह के दौरान, महिला अस्पताल प्रांगण में नवजात बच्चियों के नाम पर अमरूद का पौधा भी रोपा गया। यह पहल बेटियों के जन्म को पर्यावरणीय संरक्षण से जोड़ने का एक प्रतीकात्मक और सराहनीय प्रयास रहा।

कार्यक्रम में प्रभारी महिला चिकित्सालय, डा. आशुतोष (चाइल्ड स्पेशलिस्ट), डॉक्टरों, नर्सों और महिला कल्याण विभाग की डॉ. मंजू यादव, पूजा मौर्य, दिव्या जायसवाल, शालिनी, सीता सिंह, मोनू समेत बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही।

Leave a Comment

और पढ़ें