गाजीपुर: रायपुर बाघपुर गांव के वार्ड संख्या 6 व 7 में जल निकासी की लंबे समय से उपेक्षित समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। नाली नहीं होने के कारण सड़क पर बह रहे गंदे पानी में ग्रामीणों ने धान की रोपाई कर स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी भी की।
गांव निवासी विवेक ने बताया कि कालदेव के घर से काली माता मंदिर होते हुए रामकेवल के घर तक लगभग दो मीटर लंबाई में नाली निर्माण नहीं होने के कारण बरसात और घरों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे राहगीरों व स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।
उपेन्द्र ने बताया कि नाली और सड़क निर्माण की मांग कई बार जनप्रतिनिधियों से की गई, लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। मनोज ने कहा कि यह समस्या पिछले एक दशक से बनी हुई है और हजारों लोगों को इसी रास्ते से रोज गुजरना पड़ता है।
सुमेर ने चिंता जताते हुए कहा कि जलभराव के कारण प्रतिदिन कई लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन उदासीन बना हुआ है। अशोक ने कहा कि गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है और कीटाणु उत्पन्न हो चुके हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
रमेश ने बताया कि गांव में दो ही सफाईकर्मी तैनात हैं, लेकिन वे कभी नजर नहीं आते। बृजेश ने कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। स्कूली बच्चे और बुजुर्ग आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान महेन्द्र, देवनाथ, रमाशंकर, दिनेश, जीता, सुदर्शन, दुःखन्ती, शिवधर, हरेंद्र, मानदेव, इन्दल यादव, रविन्द्र, गोविन्द, इन्द्रदेव, सितालू, मितालू, कुबेर, पारस पाल, प्रदीप, कमलेश, विजयनाथ, विजयनरायण, विरेन्द्र, रामप्रवेश, गुड्डू, उदय, सुरेश, रामसमथ सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस संबंध में प्रभारी एडीओ पंचायत प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि मामले का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।








