Search
Close this search box.

गाजीपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, गड्ढे में देर तक पड़े रहने से गई जान

गाजीपुर। थाना क्षेत्र के मसूदहां गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक बाइक समेत सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा, जहां काफी देर तक पड़े रहने से उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान सत्यम विश्वकर्मा (पुत्र बांकेलाल विश्वकर्मा, निवासी तकिया रोड, चिरैयाकोट, मऊ) के रूप में हुई है। बताया गया कि सत्यम की रिश्तेदारी सैदपुर नगर के एक बड़े व्यवसायी के यहां थी और वह यहीं रहकर काम सीख रहा था। मंगलवार को भी वह बाइक से सैदपुर आ रहा था, तभी मसूदहां के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक फरार हो गया।

हादसे के बाद सत्यम बाइक समेत गड्ढे में गिर पड़ा और काफी देर तक वहीं पड़ा रहा। जब राहगीरों की नजर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी सैदपुर पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और घर का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Comment

और पढ़ें