गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा नंदगंज पश्चिम रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण का कार्य इन दिनों तेजी से जारी है। पिलर निर्माण के लिए पाइलिंग और अन्य निर्माण कार्य पूरे जोरों पर चल रहे हैं, लेकिन निर्माण स्थल से जुड़े वनवे मार्ग पर डाली गई मिट्टी अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
जानकारी के अनुसार, अस्थायी सड़क से दिनभर दो, तीन और चार पहिया वाहनों के साथ ही स्कूल बसों का भी आवागमन बना रहता है। इसके चलते लगातार धूल उड़ती रहती है, जिसका असर क्रॉसिंग के आसपास के दुकानदारों और घरों में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि धूल के कारण व्यवसाय पर असर पड़ रहा है और लोगों को सांस, खांसी और आंखों में जलन जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने बताया कि सेतु निगम की ओर से नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा, जिससे स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन और सेतु निगम से मांग की है कि वनवे मार्ग पर प्रतिदिन कम से कम दो बार पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि उड़ती धूल से राहत मिल सके और स्थानीय जनजीवन सामान्य रह सके।
ब्यूरोचीफ – संजय यादव









