गाजीपुर। जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना शंकरपुर ओडराई ग्राम सभा की है, जहां बाइक से घर लौट रहे युवक पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वजीत यादव (पुत्र लाहौर यादव) निवासी शंकरपुर, ओडराई से अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचे, बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। एक गोली बाइक की टंकी में लगी, जबकि दूसरी गोली उनके दाहिने पैर में जा लगी। गोली लगते ही विश्वजीत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि विश्वजीत अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पीड़ित का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन विवाद चल रहा था। घायल युवक की बुआ ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि दीना यादव और हरकेश यादव के पुत्र विशाल यादव व अजीत यादव ने घटना को अंजाम दिया है।
सूचना मिलते ही दुल्लहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: उमेश यादव









