सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में पुलिस ने फर्जी ड्रग लाइसेंस के जरिए कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की कार्रवाई में खुलासा हुआ कि अभियुक्त भोला प्रसाद ने झारखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में फर्जी फर्में बनाकर अवैध कारोबार से करीब 30 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की थी।
न्यायालय के आदेश पर संपत्ति कुर्क
पुलिस द्वारा की गई विवेचना के बाद माननीय न्यायालय के आदेश पर अभियुक्त की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कुर्क की गई संपत्तियों में महंगे चारपहिया व दोपहिया वाहन, आवासीय मकान, बैंक खातों में जमा रकम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आगे जांच के दौरान यदि और भी अवैध संपत्तियों का पता चलता है, तो उन्हें भी कुर्क किया जाएगा।
फर्जी लाइसेंस के सहारे चला रहा था तस्करी का नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि अभियुक्त ने फर्जी ड्रग लाइसेंस के माध्यम से कई फर्में खोल रखी थीं। इन्हीं के जरिए कोडीन युक्त कफ सिरप की खरीद–फरोख्त कर उसे अवैध रूप से अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता था।
पुलिस की सख्ती से तस्करों में हड़कंप
इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त कर अपराधियों की कमर तोड़ी जाएगी और ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।









