गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र के नुरूद्दीनपुर गांव में नहर किनारे सरसों के खेत में करीब 12-12 फीट लंबे दो अजगर देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इस दौरान भीड़ के कारण एक अजगर वहां से गायब हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वन दारोगा निशिकांत कुमार और गंगा प्रहरी रविकांत निषाद ने दूसरे अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने साथ ले गए।
घटना के बारे में बताया गया कि किसान निर्भय सिंह ने अपने खेत में सरसों की बुआई की थी। कुछ दिनों से नहर किनारे अजगरों की फुंफकारने की आवाज सुनाई दे रही थी, जिससे लोग डर रहे थे।
रविवार को जब निर्भय सिंह डंडे से सरसों हटाते हुए खेत में पहुंचे, तो उन्होंने दो बड़े अजगरों को देखा और तुरंत ग्रामीणों को बुलाया। भीड़ में किसी ने पत्थर फेंक दिया, जिससे अजगर फुंफकारने लगा और दूसरा अजगर कहीं सरककर गायब हो गया।









