Search
Close this search box.

गाजीपुर के विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, परीक्षा तनाव से निपटने के दिए गए गुर

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में जमानिया ब्लॉक के एक विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों में होने वाले मानसिक तनाव, परीक्षा भय एवं एकाग्रता की कमी को दूर करने के लिए उन्हें जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को तनाव प्रबंधन के सरल और प्रभावी उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण अवश्य है, लेकिन इसे लेकर अत्यधिक तनाव लेना आवश्यक नहीं है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।

विशेषज्ञों ने नियमित पढ़ाई, सही समय प्रबंधन, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच को अपनाने पर विशेष जोर दिया। वहीं शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर सतत ध्यान देने तथा समय-समय पर परामर्श प्रदान करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सामान्य लक्षणों, मानसिक विकारों की पहचान और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के उपायों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को Tele-MANAS टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 (24×7) के बारे में जानकारी दी गई, जहां निःशुल्क काउंसलिंग सुविधा उपलब्ध है।

ब्यूरो- संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें