Search
Close this search box.

वाराणसी: मॉल यातायात बढ़ाने की कार्ययोजना के तहत डीआरएम ने भटनी–कुसम्ही रेल खंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण

वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने मंडल पर मॉल यातायात को बढ़ावा देने की कार्ययोजना के अंतर्गत मॉल टर्मिनलों की क्षमता वृद्धि एवं गुड्स शेडों के आधुनिकीकरण के लिए चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा हेतु सोमवार दिनांक 09 फरवरी 2026 को मंडलीय अधिकारियों के साथ भटनी–कुसम्ही रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कुसम्ही रेलवे स्टेशन एवं कोल गुड्स शेड, सरदार नगर स्टेशन एवं गुड्स साइडिंग, चौरीचौरा, गौरीबाजार, बैतालपुर एवं नूनखार रेलवे स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया। कुसम्ही गुड्स शेड में उन्होंने माल ढुलाई से जुड़ी व्यवस्थाओं, लोडिंग-अनलोडिंग कार्य, सुरक्षा मानकों एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अनाधिकृत प्रवेश रोकने, सुरक्षा पुख्ता करने, निष्प्रयोज्य विद्युत पोल व स्लीपर हटाने तथा परिचालनिक सुगमता के लिए ट्रैक्शन (OHE) लाइन संख्या 5 और 6 की विद्युत सप्लाई अलग-अलग करने के निर्देश दिए।

कुसम्ही स्टेशन के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं प्लेटफार्मों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन भवन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के ऊपर हाईलोजन लैंप लगाने तथा रिक्त कमरों में एक कक्ष को लोको पायलट व गार्ड विश्रामालय एवं एक कक्ष को ट्रेन मैनेजमेंट सिस्टम (TMS) के लिए विकसित करने के निर्देश दिए।

सरदार नगर स्टेशन एवं गुड्स साइडिंग के निरीक्षण में माल ढुलाई, साइडिंग की सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष जोर दिया गया। डीआरएम ने गुड्स शेड की सुरक्षा मजबूत करने, प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्टेशन निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म संख्या-01 पर रखे निष्प्रयोज्य सामान को हटाने, प्लेटफार्म संख्या-02 की इलेक्ट्रिकल वायरिंग दुरुस्त करने तथा स्टेशन परिसर की हाई-मास्ट लाइट बदलने के निर्देश भी दिए गए।

चौरीचौरा, गौरीबाजार, बैतालपुर एवं नूनखार स्टेशनों के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने परिचालनिक व्यवस्था, स्टेशन पैनल, संरक्षा उपकरण, बर्थिंग ट्रैक, प्वाइंट्स जोन, स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया एवं यात्री सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने प्लेटफार्म सतह दुरुस्त करने, साफ-सफाई एवं रख-रखाव को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रीकृत स्टेशन पैनल एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए परिचालन में संरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेंद्र पाल, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एम. रमेश कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) धर्मेन्द्र यादव, मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (गोरखपुर) अमित मणि त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं स्टेशन कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें