गाजीपुर। दुल्लहपुर सम्यक युवा मंच फाउंडेशन के तत्वावधान में ग्रामीण पत्रकार साथियों के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को बैज अलंकृत कर पुष्पहार पहनाए गए तथा सम्यक युवा मंच का कैलेंडर भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों के योगदान को सराहना और उनके मनोबल को बढ़ाना था।इस अवसर पर सम्यक युवा मंच के संयोजक अखिलेश मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण पत्रकार वास्तविक अर्थों में समाजसेवी होते है

। वे प्रायः अवैतनिक रहकर भी गरीबों, मजदूरों, वंचित वर्गों तथा दूरदराज के गांवों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हैं। उन्होंने कहा कि जहां बड़ी मुख्यधारा की मीडिया नहीं पहुंच पाती, वहां ग्रामीण पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनसमस्याओं को सामने लाते हैं।प्रधान प्रतिनिधि धर्मागतपुर एवं एमएलसी रामसूरत राजभर के प्रतिनिधि संजय राजभर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। वे समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं

। ऐसे में उनका सम्मान किया जाना अत्यंत आवश्यक है।सम्मानित पत्रकारों में भुवन जायसवाल, रामध्यान यादव, हरिवंश चौहान, दिनेश कुमार और प्रदीप मद्धेशिया शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार रमेश सोनी ने की। उन्होंने इसे पत्रकारों के लिए अविस्मरणीय क्षण बताते हुए कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता से ही समाज का विश्वास बना रह सकता है।

उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से सच्चाई के साथ खबरें प्रस्तुत करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी जयप्रकाश कुशवाहा, सचिव राजेश कन्नौजिया, विनोद कुशवाहा, बृजेश कुमार, अशोक चौहान सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। संचालन कोषाध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने किया।








