Search
Close this search box.

चंदौली: वार्षिकोत्सव “स्पंदन–3” हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

चंदौली। प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिकोत्सव “स्पंदन–3” का भव्य आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरुण कुमार गुप्ता, एडिशनल चीफ जस्टिस (रेलवे) डीडीयू नगर रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजीव मोहन सक्सेना, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मुगलसराय एवं पवन कुमार यादव, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सकलडीहा उपस्थित रहे। साथ ही वारिज नयन, चीफ वर्कशॉप मैनेजर (रेलवे) डीडीयू नगर एवं ख्याति रानी, डिप्टी चीफ इंजीनियर डीडीयू नगर ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंच संचालन जुनैरा, गगनदीप, मांडवी एवं लकी ने किया। मंचीय कार्यक्रमों के सफल संचालन में शिक्षक राधे मोहन पाण्डेय एवं राजेन्द्र कुमार का विशेष सहयोग रहा, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समन्वय सुनेजा द्वारा किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में गणेश वंदना, पीजी, एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हें विद्यार्थियों के आकर्षक नृत्य, देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा नृत्य तथा मनमोहक बॉलीवुड प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। विशेष रूप से प्रस्तुत नटराज नृत्य ने अपनी अद्भुत अभिव्यक्ति, भाव-भंगिमा एवं लयात्मक समन्वय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार में भारतीय सांस्कृतिक चेतना एवं आध्यात्मिकता का अनूठा संचार किया।

इस अवसर पर वार्षिक खेलकूद, विज्ञान प्रदर्शनी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रबंधक सूर्यभान सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के नैतिक एवं शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता देते हुए ऐसे आयोजनों को प्रतिभा निखारने का सशक्त माध्यम बताया। सह-प्रबंधक उदयभान सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं संस्कारों के साथ शिक्षा ग्रहण करने हेतु प्रेरित किया। डायरेक्टर दिवाकर यादव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डीन डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने विद्यालय की निरंतर प्रगति में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के योगदान की प्रशंसा की।

प्रधानाचार्य सुनील कुमार द्विवेदी ने अपने वक्तव्य में विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम एवं लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के कोऑर्डिनेटर कुमार नन्द, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा डॉ. अनिल यादव, सतीश जिंदल, बिनीता अग्रहर, डिम्पल सिंह, अभिषेक गोस्वामी, संजय पाण्डेय सहित हजारों अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

संजय शर्मा
ब्यूरो चन्दौली

Leave a Comment

और पढ़ें