बलिया। रसड़ा बार एसोसिएशन के चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। चुनाव में प्रमोद कुमार सिंह अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को मात्र दो मतों से पराजित किया।
चुनाव में कुल 128 मतदाताओं में से 126 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद प्रमोद कुमार सिंह को विजयी घोषित किया गया।
कोषाध्यक्ष पद पर सुरेन्द्र प्रजापति ने जीत हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी राजीव भारती को हार का सामना करना पड़ा। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर देवेंद्र सिंह तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अनिल सैनी विजयी रहे।
नामांकन के समय ही कई पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। इनमें महामंत्री पद पर सुनील कुमार श्रीवास्तव, आय-व्यय निरीक्षक पद पर कपिलेश्वर दयाल तथा संयुक्त मंत्री (पुस्तकालय) पद पर प्रदीप कुमार श्रीवास्तव शामिल हैं।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने की उम्मीद जताई।
रिपोर्टर – अवधेश यादव








