वाराणसी। राजातालाब तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार और तहसीलदार/एसीपी अजय कुमार श्रीवास्तव ने लोगों की समस्याएं सुनीं। ईद त्योहार के कारण यह कार्यक्रम शनिवार के बजाय सोमवार को आयोजित किया गया।
इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने सड़क, नाली, खड़ंजा, सरकारी जमीन और चकरोड पर अवैध कब्जे सहित विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।चकलोला गांव निवासी त्रिभुवन सिंह ने कानूनगो चंद्रशेखर पर सीमांकन के नाम पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया।
इस पर एसडीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कानूनगो को कड़ी फटकार लगाई और जांच के निर्देश दिए। वहीं, मेहंदीगंज गांव की लीलावती प्रजापति ने फर्जी बैनामा और जालसाजी की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा कई फरियादियों ने सरकारी जमीन पर कब्जा, नाली अतिक्रमण, राशन कार्ड से नाम कटने और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं उठाईं। समाधान दिवस में कुल 157 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मात्र 7 का मौके पर निस्तारण किया जा सका। बाकी मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।







