गाजीपुर । जमनिया के स्टेशन बाजार क्षेत्र स्थित बाईपास रेलवे फाटक के पास सोमवार दोपहर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाईटेंशन लाइन के शॉर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। खेत से उठती तेज लपटों को देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक करीब डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार, खेत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी के कारण आग लगी। इस घटना में बुढ़ाडीह निवासी बुधिराम तथा गड़ही निवासी दलचंद कुशवाहा और कमलेश कुशवाहा की लगभग 10-10 बिस्वा फसल का नुकसान हुआ है। घटना से किसानों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।







