वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। रविवार को जिन लगभग 30 मकानों को चिह्नित किया गया था, उन्हीं पर सोमवार को भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रही। आज की कार्रवाई में किसी नए मकान को शामिल नहीं किया गया।
प्रशासन द्वारा मकानों को पूरी तरह गिराने के लिए बुलडोजर के साथ मजदूरों की टीमों को भी लगाया गया है। कई टीमें छतों पर चढ़कर हथौड़ों से दीवारें तोड़ रही हैं, जिससे अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
दालमंडी में चल रहा यह चौड़ीकरण अभियान शहर के यातायात सुधार और विकास परियोजना का हिस्सा है। प्रशासन का उद्देश्य चिह्नित मकानों को हटाकर सड़क को चौड़ा करना है, जिससे भविष्य में आवागमन अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सके।








