वाराणसी: सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन में 38वां स्थापना दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण कर की, इसके बाद मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने सभी जवानों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल अपनी वीरता, अनुशासन और पेशेवराना अंदाज के लिए जाना जाता है और देश की सुरक्षा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

कमांडेंट बालापुरकर ने जवानों के समर्पण और उनके परिवारों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सीआरपीएफ का गौरवशाली इतिहास बल के साहस और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि बल आगे भी पूरी निष्ठा के साथ देश सेवा में तत्पर रहेगा।
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित मेले में जवानों और उनके परिवारों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें ग्लास-बॉल, मटका-डंडा, फुटबॉल टायर, बच्चों के लिए जलेबी रेस तथा महिलाओं के लिए म्यूजिक चेयर प्रमुख आकर्षण रहे। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को श्रीमती अर्चना बालापुरकर के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान सुनीता सिंह और रिंकू भी उपस्थित रहीं। मेले में विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजन और पेय पदार्थों के स्टॉल लगाए गए, जिनका सभी ने आनंद लिया।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी आलोक कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट अभिषेक सिंह, रंजन सिंह, शिव कुमार दीक्षित, अभिषेक कुमार, निरीक्षक कमलेश कुमार यादव, प्रिंस सिंह, अनिल कुमार यादव, विवेक राय, डी.पी. सिंह, प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में जवान अपने परिवारों के साथ मौजूद रहे।









