गाजीपुर । के मरदह थाना क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नवापुरा गांव के पास गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव अपने परिवार के साथ मटेहू स्थित ननिहाल से गाजीपुर के रास्ते बक्सर स्थित घर लौट रहे थे। उनके साथ उनकी मां सीमा देवी और भाई आदित्य यादव भी ऑटो में सवार थे। जैसे ही उनका ऑटो नवापुरा गांव के पास हाईवे पर पहुंचा, तभी गलत लेन में आ रही एक अनियंत्रित कार ने सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में प्रिंस यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनकी मां को हल्की चोटें आईं और भाई सुरक्षित बच गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह ले जाया गया, जहां से प्रिंस को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। ग्रामीणों ने हाईवे पर गलत दिशा में वाहन चलाने पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








