मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों की खिड़कियों में जाली लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी विद्यालय में यह व्यवस्था नहीं मिली, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूलों में पंखे, कूलर और पेयजल के लिए आरओ की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए।
जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायतों में जहां जलभराव की समस्या है, उसका तत्काल निस्तारण कराया जाए। तालाबों की नियमित सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और कीटनाशक दवाओं के उपयोग के साथ-साथ संबंधित तालाबों पर सूचना बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि कार्य की पारदर्शिता बनी रहे।
नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को नालियों की सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए, जिससे संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हो सके। पशुपालन विभाग को शत-प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्कूलों और कॉलेजों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे बच्चों को नियमित हाथ धोने, शौचालय के उपयोग और साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक करें।
आयुष्मान कार्ड की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने ग्रामवार ड्यू लिस्ट तैयार कर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









