Search
Close this search box.

बलिया में दो जगह आग का कहर: 17 बीघा फसल व तीन मकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

बलिया (रसड़ा)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई भीषण आग की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। एक ओर जहां खेतों में खड़ी करीब 17 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, वहीं दूसरी ओर रिहायशी मकानों में आग लगने से लोगों की पूरी गृहस्थी खाक हो गई।

पहली घटना नगरा मार्ग स्थित अठिला पुरा गांव में सोमवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के चलते खेतों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर पांच किसानों की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। इनमें गुड्डू सिंह की 10 बीघा, रामायण सिंह की 3 बीघा, हवलदार यादव की 1 बीघा, सुदामा खरवार की 18 मंडा और हरेंद्र सिंह की 5 मंडा गेहूं की फसल शामिल है। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दूसरी घटना डेहरी गांव में रविवार शाम को हुई, जहां अज्ञात कारणों से लगी आग ने तीन लोगों के पांच से अधिक रिहायशी मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ितों में तारकेश्वर, लालकेश्वर और धर्मेंद्र के घर शामिल हैं।

इस अग्निकांड में भूसा, साइकिल, बक्सा, कपड़े, अनाज, चौकी, गहने, नकदी, गैस चूल्हा और बर्तन सहित दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत और पीड़ित परिवारों में भारी नुकसान को लेकर चिंता का माहौल है। प्रशासन से पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की मांग की जा रही है।

बलिया रिपोर्टर- संजय सिंह

Leave a Comment

और पढ़ें