जौनपुर। जौनपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित तूतीपुर मुफ्ती मोहल्ले में रविवार शाम पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने एक युवक पर तलवार, चाकू, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर इलाके में दहशत फैला दी और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करन बिंद अपने दोस्त हर्ष अग्रवाल के साथ मौजूद था, तभी लखन बिंद, कार्तिक बिंद और उनके साथियों ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने लगातार वार कर करन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घायल करन को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश सरकार की “Zero Tolerance” नीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और पुलिस प्रशासन की पकड़ क्यों कमजोर पड़ती नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्ती बरती जाती, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जौनपुर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण हो पाएगा या इस तरह की घटनाएं यूं ही जारी रहेंगी।








