Search
Close this search box.

गाजीपुर में भीषण सड़क हादसे में मजदूर गोपाल राजभर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गाजीपुर । जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चकमकपुर निवासी मनोहर राजभर के 40 वर्षीय पुत्र गोपाल राजभर शुक्रवार देर शाम करीब 9 बजे जलालाबाद स्थित टंकी से ट्रैक्टर के लिए डीजल लेकर मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान धामपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल गोपाल राजभर को आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में उनके साथ मौजूद सदानंद गिरी (निवासी सोनाहरा) भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।

मृतक गोपाल राजभर अपने पीछे पत्नी प्रतिभा देवी, दो पुत्र—प्रिंस (14 वर्ष), कल्लू (12 वर्ष) और एक पुत्री आकांक्षा (10 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बच्चों की मायूसी देखकर गांव के लोग भी भावुक हो उठे।

गोपाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। इस दुखद घटना से पूरा गांव शोक में डूबा है और परिवार के सामने भविष्य को लेकर गहरी चिंता खड़ी हो गई है।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें