Search
Close this search box.

काशी विश्वनाथ मंदिर घाट पर लेज़र शो का शुभारंभ, गंगा आरती के बाद रोज दिखेगा भव्य नज़ारा

वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर घाट पर आज से आकर्षक लेज़र शो का शुभारंभ कर दिया गया है, जो अब प्रतिदिन गंगा आरती के तुरंत बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

मंदिर घाट को विशेष रूप से अंग्रेजी अक्षर “L” के आकार में विकसित किया गया है, जिसमें रैंप बिल्डिंग की दीवार, भैरव द्वार और व्यूइंग गैलरी की प्राचीर को शामिल किया गया है। अब इसी प्राचीर पर प्रकाश और ध्वनि के अद्भुत समन्वय के माध्यम से काशी के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक महिमा का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा।

यह लेज़र शो पहले भी अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ लेज़र शो का पुरस्कार प्राप्त कर चुका है। हालांकि, पिछले वर्ष गंगा के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण शो से जुड़ी मशीनें जलमग्न हो गई थीं, जिससे इसका संचालन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था। लंबे समय तक पानी में डूबे रहने के कारण उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए थे।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मुंबई से विशेषज्ञ तकनीशियनों की टीम को बुलाया और विभिन्न संस्थानों के तकनीकी सहयोग से मशीनों को पुनः संचालित करने योग्य बनाया।

इस बीच घाट पर सायंकालीन गंगा आरती भी शुरू की जा चुकी है, जो कम समय में ही श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण बन गई है। अब लेज़र शो के फिर से शुरू होने से घाट का वातावरण और अधिक जीवंत व भव्य हो गया है।

करीब 10 मिनट की इस प्रस्तुति में अत्याधुनिक तकनीक के जरिए काशी की परंपरा और आस्था को जीवंत रूप में दिखाया जाएगा। मंदिर न्यास का कहना है कि श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए ऐसे नवाचार आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें