वाराणसी। वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीपुरा इलाके में शनिवार शाम दबंगों द्वारा एक व्यापारी पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
पुलिस के अनुसार, नक्खीघाट थाना जैतपुरा निवासी आनंद कुमार गोंड, जो एक समाजसेवी और जनता सुरक्षा फाउंडेशन संस्था से जुड़े हैं, अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोप है कि सचिन गुप्ता अपने साथियों के साथ जबरन दुकान में घुस आया और व्यापारी के साथ मारपीट करने लगा।
आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सचिन गुप्ता सहित 5 से 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








